खैरागढ़/छुईखदान. जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में एटीएम मशीन को तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त औजार भी बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उदयपुर स्थित एक एटीएम मशीन में 14 अप्रैल को अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया गया। एटीएम संचालक द्वारा मशीन बंद पाए जाने और अंदर लाइट व मशीन में नुकसान की स्थिति देखने के बाद तत्काल थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत धारा 331(4), 305(e), 62, 324(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। इसके बाद संदेहियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि चंपालाल जंघेल पिता नेतराम जंघेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम उदयपुर, थाना छुईखदान (जिला केसीजी) पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश कर रहा है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त कर लिए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।




