खैरागढ़. जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ की संयुक्त बैठक शुक्रवार को राजपूत भवन में हुई। बैठक में स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं और आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने के लिए भरे जा रहे फार्म की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की गई। अभियान को गति देने और इसे व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट मीटर तथा बिजली उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर महीने के अंत में जिला स्तरीय प्रदर्शन और कलेक्टोरेट घेराव की रूपरेखा भी तैयार की गई। नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
अक्टूबर में नगर पालिका चुनाव की दावेदारी
आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर तय किया गया कि अक्टूबर में कार्यकर्ताओं से वार्डवार दावेदारी आमंत्रित की जाएगी। दावेदारों की सक्रियता, संगठन में योगदान, जनसंपर्क और स्थानीय स्वीकार्यता के आधार पर मजबूत नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे। बैठक में स्थानीय और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने तथा बाहर से थोपे जाने वाले या पैराशूट प्रत्याशियों के बजाय संगठन के बीच लगातार काम करने वाले मजबूत दावेदारों को अवसर देने पर जोर दिया गया।
चुनाव की तैयारियों के तहत प्रत्येक वार्ड में बैठकें आयोजित करने, बूथ कमेटियों को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा जनता के मुद्दों को बूथ स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर, सुनील कांत पांडे, पं. मिहिर झा, विजय वर्मा, संजू चंदेल, मनराखन देवांगन, यशेश ठाकुर, आरती, जितेंद्र सिंह गौर, महोबिया, रिंकू गुप्ता, यतेंद्र जीत सिंह, नदीम मेमन, रिंकू महोबिया, सूर्यकांत यादव, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, दिलीप लहरे, शेखर दास वैष्णव, गोविंद देवांगन, अंकित चोपड़ा, सोनू ढीमर, मनोहर सेन, अजय देवांगन, मोहित भंडेकर सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पार्षद, पूर्व पार्षद, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



