खैरागढ़. जिले में शिक्षा, आजीविका, नगरीय विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गुरुवार को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। सांसद संतोष पांडेय ने खैरागढ़ एवं गंडई में कुल 10.84 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इससे शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं के साथ नगरीय क्षेत्रों की अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर और जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांसद पांडेय ने खैरागढ़ में 4.65 करोड़ रुपए की लागत से शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन और 4.11 करोड़ रुपए की लागत से जिला लाइवलीहुड संस्थान भवन के निर्माण का भूमिपूजन किया।

कन्या महाविद्यालय कार्यक्रम में सांसद पांडेय ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं जरूरी हैं। उन्होंने नारी शक्ति की क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। राष्ट्रपति और वित्त मंत्री सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहीं महिलाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाकर लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि बेटियों के लिए कॉलेज भवन का निर्माण बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में कन्या महाविद्यालय की घोषणा हुई थी। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि उन्होंने इसी महाविद्यालय से बीए और एमए की पढ़ाई की है, इसलिए इससे उनका विशेष जुड़ाव है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से बेटियां अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष रहते विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नगर पालिका भवन के ऊपर एक कक्ष का निर्माण कराया था।
इसी क्रम में नगर पंचायत गंडई में 2.07 करोड़ रुपए की लागत से सात विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 5 में 50.50 लाख रुपए का एमआरएफ कार्य और 9.96 लाख रुपए का सांस्कृतिक भवन रिनोवेशन, वार्ड क्रमांक 1 में 49.41 लाख रुपए से मुक्तिधाम उन्नयन, वार्ड क्रमांक 14 में 41.07 लाख रुपए से पाइपलाइन विस्तार और 36.06 लाख रुपए से पानी टंकी निर्माण, वार्ड क्रमांक 11 में 15.20 लाख रुपए से सामुदायिक भवन रिनोवेशन तथा वार्ड क्रमांक 15 में 5 लाख रुपए से मरार समाज भवन अहाता निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, घम्मन साहू, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, राकेश गुप्ता, बिशेषर साहू, हेमू साहू, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, आलोक श्रीवास, शशांक ताम्रकार, गोरेलाल वर्मा, आयश सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, मोनिका रजक, शैलेंद्र त्रिपाठी, नंद चंद्राकर, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


