खैरागढ़. जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने पिपरिया स्थित निर्माणाधीन CMHO कार्यालय एवं जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवनों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन कर गुणवत्ता, निर्माण की स्थिति और उपलब्ध कराई जा रही आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) सोनल ध्रुव एवं जिला लेखा प्रबंधक (DAM) नवीन चौहान उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान विद्युत व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों में आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया।

CMHO डॉ. शुक्ला ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा भवनों में जरूरी सुविधाओं को समय पर पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

निर्माणाधीन CMHO कार्यालय एवं जिला चिकित्सालय का निरीक्षण स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी अधोसंरचना और आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया।


