खैरागढ़. सांस्कृतिक भवन में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर नेत्रदान को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल की गई। कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय ने नेत्रदान हेतु जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्यूआर कोड और सेल्फी पॉइंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दृष्टिबाधित मरीजों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। वहीं, नेत्रदान की घोषणा करने वाले लोगों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, सभापति अरुणा सिंह बनाफर, जिला पंचायत के सभी सदस्य, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल तथा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिले में राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टि दोष नियंत्रण कार्यक्रम (NPCB&VI) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से आगे आकर नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने में योगदान देने की अपील की।
नेत्रदान की घोषणा करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय और विधायक यशोदा वर्मा ने नेत्रदान की घोषणा करने वाले प्रभु राम वर्मा, निवासी ठंडार (गंडई), कमल अग्रवाल, कनक नगर (छुईखदान) तथा प्रभात साहू, निवासी ठेलकाडीह को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही अंगदान करने वाले रूपेश देवांगन, विजय लक्ष्मी देवांगन, सियाराम गढ़ेवाल, अमेरिका बाई गढ़ेवाल और निराशा धनकर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से अंगदान और नेत्रदान जैसे पुनीत कार्यों के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना
कार्यक्रम को सफल बनाने और नेत्र स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के संचालन में वरिष्ठ नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी विनय रामटेके, नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी पूर्णिमा चंदेल, जीएल देवांगन तथा देवेंद्र साहू का सक्रिय एवं सराहनीय सहयोग रहा। उनके प्रयासों से जिले में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं और नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल को मजबूती मिली।
कार्यक्रम में निःशुल्क चश्मा वितरण, नेत्रदान जागरूकता के लिए क्यूआर कोड एवं सेल्फी पॉइंट का शुभारंभ तथा नेत्रदान और अंगदान की घोषणा करने वालों का सम्मान समाज को मानव सेवा और जनकल्याण के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।


