खैरागढ़. जिला मुख्यालय खैरागढ़ में नवरात्र के अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा गरबा उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्र के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य आयश सिंह ने बताया कि 13, 14 एवं 15 अक्टूबर को गरबा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। गरबा उत्सव के बाद 19 अक्टूबर को नवमी तिथि के अवसर पर नगर के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे से होगी। इस दौरान छत्तीसगढ़ के बेहद लोकप्रिय एवं सुप्रसिद्ध लोक गायक दिलीप षड़ंगी अपनी सांस्कृतिक एवं लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।
नगर दशहरा उत्सव समिति के संयोजक विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। गरबा उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नवरात्र पर्व को उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में खैरागढ़ सहित पूरे जिले से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। दशहरा उत्सव समिति द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


