खैरागढ़. जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई और साल्हेवारा का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति जांची और भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकारियों ने रात 7:40 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई तथा रात 8:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा का निरीक्षण किया। इस दौरान लेबर रूम, ओपीडी (OPD) और आईपीडी (IPD) की व्यवस्थाओं के साथ प्रसव संबंधी सेवाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यह भी जाना कि रात के समय मरीजों को किस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों को रात में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली गई। इसके साथ ही अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता की जांच की गई। अधिकारियों ने नियर एक्सपायरी यानी जल्द ही समाप्त होने वाली दवाइयों को अन्य दवाइयों से अलग रखने के निर्देश दिए, ताकि दवाओं के सुरक्षित रखरखाव और उपयोग में आवश्यक सावधानी बरती जा सके।

अस्पताल के वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों की नियमित अंतराल पर सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई के प्रभारी अधिकारी प्रशांत सोनी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश वर्मा तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। रात्रिकालीन औचक निरीक्षण का उद्देश्य अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।


