खैरागढ़. जिला भाजपा कार्यालय में अंत्योदय के प्रणेता, प्रखर विचारक एवं एकात्म मानववाद के दर्शन के जनक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी और राजनीतिक दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचना ही सच्चा अंत्योदय है। जब तक समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा, तब तक देश की प्रगति अधूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें अंत्योदय की इसी सोच को साकार करने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं।
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल का जीवन त्याग, तपस्या और सादगी का उदाहरण है। उनका एकात्म मानववाद आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों से प्रेरणा लेकर संगठन को मजबूत करने और जनसेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
अध्यक्षता करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल के विचार और समर्पित जीवन कार्यकर्ताओं के लिए पथ-प्रदर्शक हैं। उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज के हर वर्ग तक पहुंचना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, दिनेश वर्मा, भुनेश्वरी जीवन देवांगन, नीलिमा गोस्वामी, आयश सिंह, रूपेंद्र रजक, शैलेन्द्र मिश्रा, ऋषि सिंह, विकेश गुप्ता, अयूब सोलंकी, चन्दन गिरी और आलोक श्रीवास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के सदस्य तथा स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


