खैरागढ़. शारदीय नवरात्र का पर्व 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। नौ दिनों तक देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। लेकिन नवरात्र से पहले जिला मुख्यालय खैरागढ़ की प्रकाश व्यवस्था सवालों के घेरे में है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को रोशन करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर लगाई गई हाई मास्ट लाइटें बंद पड़ी हैं। स्थिति यह है कि नगर के प्राचीन और रियासतकालीन मां दंतेश्वरी मंदिर के बाहर भी अंधेरा पसरा हुआ है। लाइटें बंद होने से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले भी प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं होना चिंताजनक है।

एक साल भी नहीं बीता, मरम्मत की नौबत
नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था के उद्देश्य से हाई मास्ट लाइटें लगाई गई थीं। इन पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन एक साल भी पूरा नहीं हुआ और लाइटें बंद पड़ गईं। मां दंतेश्वरी मंदिर के बाहर लगी हाई मास्ट लाइट बंद होने से आसपास अंधेरा छाया हुआ है। इससे नगर पालिका की व्यवस्था और लाइटों के रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं।
मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

मां दंतेश्वरी मंदिर खैरागढ़ के प्रमुख और प्राचीन धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्र के दौरान यहां स्थानीय लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालु भी यहां माथा टेकते हैं। ऐसे में मंदिर के बाहर रोशनी नहीं होने से लोगों को परेशानी हो सकती है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ सकती हैं।
खेल मैदान में होंगे सांस्कृतिक आयोजन
मंदिर के समीप स्थित राजा फतेह सिंह खेल मैदान में नवरात्र के दौरान रास गरबा सहित कई बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने हैं। इन आयोजनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में मंदिर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था जरूरी है।
नवरात्र से पहले व्यवस्था सुधारने की मांग
हाई मास्ट लाइटें बंद होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पालिका से लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब चौक-चौराहों को रोशन करने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए हैं, तो उनका नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अब देखना होगा कि नगर पालिका नवरात्र शुरू होने से पहले प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कर श्रद्धालुओं को राहत देती है या नहीं।


