खैरागढ़. जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।
कलेक्टर ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण जिले के कई नदी-नालों, पुल-पुलियों और रपटों पर जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसी स्थिति में पिकनिक मनाने, सेल्फी लेने या बाढ़ का नजारा देखने के लिए नदी-नालों के समीप जाना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अनावश्यक जोखिम नहीं लेने तथा अभिभावकों से बच्चों पर लगातार निगरानी रखने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी सावधान करते हुए कहा कि जलमग्न पुल, पुलिया एवं रपटों को पार करने का प्रयास किसी भी स्थिति में न करें। यदि किसी मार्ग पर पानी बह रहा हो तो सुरक्षित स्थान पर रुकें और जलस्तर कम होने तक इंतजार करें। जल्दबाजी या लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, नगर सेना, राजस्व विभाग तथा आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और पूर्वानुमानों पर लगातार नजर रखने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति, बाढ़ या जलभराव की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा बाढ़ नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलेवासियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सतर्कता, सावधानी और प्रशासन के निर्देशों का पालन ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि बारिश के इस दौर में अनावश्यक जोखिम लेने से बचें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।


