खैरागढ़. केंद्र सरकार के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत रविवार को ग्राम मारुटोला, ग्राम पंचायत मुहडबरी में नेचर पार्क के समीप वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्मल त्रिवेणी अभियान के ऊर्जा वान प्रकृति संरक्षक, कायस्थ समाज खैरागढ़ के सदस्य तथा ग्राम पंचायत मुहडबरी के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बरगद, बेल, शीशम, आम, इमली सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। विशेष बात यह रही कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं नियमित रखरखाव का संकल्प नेचर पार्क खैरागढ़ के संचालक बृजेश श्रीवास्तव एवं उनके पार्क परिवार ने लिया, ताकि पौधे केवल रोपे ही न जाएं, बल्कि विकसित होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित धरोहर बन सकें।
इस अवसर पर बृजेश श्रीवास्तव एवं उनके परिवार ने अपनी माता स्व. कुमुदिनी श्रीवास्तव, स्व. श्रीमती ललिता देवी, स्व. डॉ. नारायणी श्रीवास्तव, स्व. श्रीमती सरिता खरे, स्व. श्री रामकुमार श्रीवास्तव, स्व. श्री गोदावरी लाल श्रीवास्तव सहित अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण देने की सामूहिक जिम्मेदारी है। पूर्वजों और मातृशक्ति के नाम पर पौधे लगाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में ग्राम मारुटोला से गोरेलाल वर्मा (मंडल अध्यक्ष, पाड़ादाह मंडल भाजपा), राकेश वर्मा (सरपंच, ग्राम पंचायत मुहडबरी), नरोत्तम निषाद (उपसरपंच), गोपी श्रीवास (पंच), कृपाल वर्मा (ग्राम प्रमुख), ललित शर्मा एवं कुंजलाल पटेल की विशेष उपस्थिति रही।

वहीं कायस्थ समाज खैरागढ़ की ओर से अमिताभ बख्शी, नवदीप श्रीवास्तव, साकेत श्रीवास्तव, रत्ना श्रीवास्तव, सीमा श्रीवास्तव और शाश्वत श्रीवास्तव ने सक्रिय सहभागिता निभाई। निर्मल त्रिवेणी अभियान से भागवत वरण सिंह, संजय ताम्रकार, उमेंद पटेल, गौतम सोनी, सूरज देवांगन, दीपक देवांगन, विनोद रजक, रंजना बागड़कर, जागेशर मानिकपुरी, ललित वर्मा, गोविंद पटेल, गोपी सेन, रंजना बागड़करऔर मंगल सारथी सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने वृक्षारोपण कर अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया।

सावन माह में आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और पूर्वजों के प्रति सम्मान का अनूठा संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर बृजेश श्रीवास्तव एवं श्रीवास्तव परिवार ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण का सामूहिक संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य काफी हद तक पूरा किया जा सकता है।


