खैरागढ़. जिले में शनिवार रात से शुरू हुई लगातार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है, वहीं धान की बुवाई कर चुके किसानों के लिए यह बारिश किसी राहत भरी सौगात से कम नहीं है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने से खेती को लेकर चिंतित किसान अब राहत महसूस कर रहे हैं और खेतों में नमी बढ़ने से फसल की बेहतर बढ़वार की उम्मीद जगी है।
भू-अभिलेख शाखा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जारी तहसीलवार वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक कुल 777.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इसमें खैरागढ़ तहसील में सर्वाधिक 217.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके बाद गंडई तहसील में 215.2 मिलीमीटर, छुईखदान तहसील में 190.2 मिलीमीटर तथा साल्हेवारा तहसील में 154.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

लगातार हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने लगा है, जिससे धान की बुवाई कर चुके किसानों की चिंता काफी हद तक दूर हो गई है। कृषि कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है और यदि आगामी दिनों में मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो खरीफ फसलों के लिए यह वर्षा लाभकारी साबित होगी।
वहीं, बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और वातावरण में ठंडक घुलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में भी वृद्धि देखी जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


