खैरागढ़. शासन के संलग्नीकरण समाप्ति संबंधी आदेश के पालन की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की खैरागढ़ इकाई ने शुक्रवार को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर के नाम संयुक्त कलेक्टर सुमन राज को ज्ञापन सौंपते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ एक व्याख्याता को तत्काल उनकी मूल संस्था में कार्यमुक्त करने की मांग की। परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
एबीवीपी ने ज्ञापन में बताया कि शासन एवं लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश क्रमांक एम.आई.एस./एन-123/2026, दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के सभी संलग्नीकरण समाप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। परिषद का आरोप है कि इन स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में संलग्न श्री आत्माराम साहू, मूल पद व्याख्याता (एल.बी.), शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिचोला, विकासखंड खैरागढ़ को अब तक उनकी मूल पदस्थापना पर कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
परिषद ने इसे शासन के आदेश और उसकी मूल भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि जब विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता बनी हुई है, तब शिक्षकों का कार्यालयों में संलग्न रहना विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था दोनों को प्रभावित कर रहा है। एबीवीपी का कहना है कि यह मामला केवल एक कर्मचारी के स्थानांतरण या पदस्थापना का नहीं, बल्कि छात्रहित और विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने से जुड़ा गंभीर विषय है।
ज्ञापन में परिषद ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित व्याख्याता (एल.बी.) को तत्काल उनकी मूल संस्था में कार्यमुक्त किया जाए तथा शासन के निर्देशानुसार यदि उन्होंने निर्धारित अवधि में अपनी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है तो उस अवधि के संबंध में नियमानुसार "ब्रेक इन सर्विस" की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
एबीवीपी ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर अमल नहीं किया गया तो परिषद छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेगी। आंदोलन के तहत जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी खैरागढ़ के नगर मंत्री रितिक कंडरा, उत्कर्ष बघेल एवं हर्ष वर्मा सहित परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर सुमन राज को ज्ञापन सौंपकर शासन के आदेशों का तत्काल पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।


