खैरागढ़. जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ केसीजी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना खैरागढ़ पुलिस ने अमलीपारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद रकम और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को थाना खैरागढ़ पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड क्रमांक 12 अमलीपारा स्थित वेसलियन स्कूल के पीछे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में—
तिलक चन्द्राकर पिता राधेश्याम चन्द्राकर, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 12 अमलीपारा, खैरागढ़।
कुन्दन साहू पिता स्व. पंचराम साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी अमलीपारा, खैरागढ़।
रवि चन्द्राकर पिता शिवकुमार चन्द्राकर, निवासी अमलीपारा, खैरागढ़।
शुभम वर्मा पिता जेठू वर्मा, निवासी सोनेसरार वार्ड नं. 14, थाना खैरागढ़।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2920 रुपए नगद, 52 पत्ती ताश एवं अन्य जुआ सामग्री जप्त की। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


