खैरागढ़. छत्तीसगढ़ शासन की रामलला दर्शन योजना के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से 30 श्रद्धालुओं का दल बुधवार सुबह अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। सुबह 9:15 बजे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को रवाना किया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
श्रद्धालु पहले बस के माध्यम से खैरागढ़ से राजनांदगांव पहुंचेंगे। इसके बाद राजनांदगांव से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालुओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने का उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है।

छत्तीसगढ़ शासन ने रामभक्तों को निःशुल्क अयोध्या धाम की यात्रा और भगवान श्रीराम के दर्शन कराने के उद्देश्य से रामलला दर्शन योजना शुरू की है। योजना के तहत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन से अयोध्या ले जाया जा रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए यात्रा, आवास, भोजन, नाश्ता और मंदिर दर्शन समेत संपूर्ण सुविधा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है। सुरक्षा के लिए सुरक्षा कर्मी, चिकित्सक दल और टूर एस्कॉर्ट भी साथ रहेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, खैरागढ़ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, गोरे लाल, विकेश गुप्ता, महेश गिरि गोस्वामी, बिसेसर साहू, जिला प्रशासन की ओर से परियोजना अधिकारी प्रकाशचंद्र तारम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खैरागढ़ पुनित राम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


