खैरागढ़. आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के दौरे पर पहुंचे। खैरागढ़ के पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद टिकरिहा भाजपा कार्यालय के सभागृह में आयोजित युवा मोर्चा की कार्यसमिति बैठक में शामिल हुए। यहां उन्होंने आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर युवाओं में जोश भरते हुए जीत का मंत्र दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि आगामी कुछ दिनों में खैरागढ़ नगर पालिका के चुनाव होने हैं और युवा मोर्चा भाजपा की रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में 50 नए युवाओं को भाजपा से जोड़ने और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि आज का पूरा चुनाव युवाओं पर निर्भर है। किसी भी मुद्दे या सरकारी योजना को लेकर सकारात्मक अथवा नकारात्मक नैरेटिव बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक वार्ड में युवाओं की मजबूत टीम तैयार करना जरूरी है। यदि युवा मोर्चा यह लक्ष्य हासिल कर लेता है तो सभी 20 वार्डों में जीत का रास्ता आसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है। खैरागढ़ से भी कई युवाओं ने दावेदारी की है। पार्टी नेतृत्व का फैसला हुआ तो यहां भी युवा कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

विक्रांत सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने राहुल टिकरिहा का स्वागत करते हुए कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के सामान्य कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय करना उनकी कड़ी मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है। युवा मोर्चा में काम करना अपने आप में सौभाग्य की बात है, क्योंकि यहीं से कार्यकर्ता अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं या नहीं, इसकी निगरानी करना भी युवा मोर्चा की जिम्मेदारी है। जिले के युवा कार्यकर्ताओं में इतनी ताकत है कि वे आगामी नगर पालिका और विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिला सकते हैं।


इस दौरान विक्रांत सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के पिछले खैरागढ़ दौरे में दिए गए बयानों को झूठा बताते हुए वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि वोट चोरी होती तो यशोदा नीलांबर वर्मा विधायक नहीं बनतीं। उन्होंने पिछले नगर पालिका चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस ने वोट चोरी की। उनके मुताबिक कांग्रेस जिन वार्डों में जीती, उनमें अधिकांश जगह जीत का अंतर महज एक-दो वोटों का था। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ में 13 वर्षों से कांग्रेस के विधायक रहने के बावजूद कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ। नगर पालिका में विकास के लिए भाजपा अध्यक्ष के साथ सभी वार्डों में भाजपा पार्षदों का होना जरूरी है।
क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी हुए शामिल
कार्यसमिति की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित खैरागढ़ सुपर लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने छुईखदान में आयोजित युवा मोर्चा कप के फाइनल मुकाबले में भी शिरकत की। उनके इस दौरे को आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर भाजपा युवा मोर्चा की संगठनात्मक तैयारियों और युवाओं की लामबंदी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य खम्हन ताम्रकार, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर, दिनेश वर्मा, ललित चोपड़ा, शशांक ताम्रकार, शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, आलोक श्रीवास, ऋषभ सिंह, मंजीत सिंह, अनीश सिंह, सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



