खैरागढ़. ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की पकड़ मजबूत करने और किसानों को बूथ स्तर तक भाजपा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला भाजपा किसान मोर्चा द्वारा किसान मितान प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में खैरागढ़ विधानसभा के सभी 304 बूथों पर न्यूनतम 10-10 किसान मितान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस लिहाज से विधानसभा क्षेत्र में 3 हजार से अधिक किसान मितान तैयार किए जाएंगे।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में किसान मितान प्रशिक्षण के संभाग प्रभारी अविरल सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ग्रामीण अंचलों में संगठन की पकड़ मजबूत करने तथा बूथ स्तर पर किसानों को जोड़ने की रणनीति समझाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार अपेक्षित जुड़ाव नहीं हो पाता। इसी कमी को दूर करने प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किसान मितान बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों से किसानों की स्थिति और आवाज दोनों मजबूत हुई हैं। अन्नदाताओं में भी उत्साह का माहौल है।

स्वागत उद्बोधन में जिला भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष केशव चंदेल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर किसान मितान का गठन जरूरी है, ताकि किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझा जा सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने कहा कि संभाग प्रभारी अविरल सिंह के मार्गदर्शन में प्रत्येक बूथ पर किसान मितान बनाए जाने हैं। किसान भाजपा की असली पूंजी हैं। किसान मोर्चा में सभी वर्गों के साथ महिलाओं को भी जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि किसान मितान के माध्यम से शासन की योजनाओं की सही जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर पर खड़े किसानों तक पहुंचाई जा सकेगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कार्यशाला को किसानों को संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 किसान मितान बनाए जाएंगे, जो खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान और फसल चक्र में नवाचार के लिए किसानों के सहयोगी बनेंगे। क्षेत्र के किसान निर्धारित लिंक के माध्यम से भी इस अभियान से जुड़ सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को आदान राशि देने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यशाला में दिनेश वर्मा, अशोक साहू, परमानंद साहू, डोंगरू साहू, राजबहादुर सिंह, विनय देवांगन, विकेश गुप्ता, देवकुमार सेन, पुष्पराज सिंह, प्रेमसागर गुप्ता, आदर्श बहादुर सिंह, नरेंद्र श्रीवास, रोहित वर्मा, संदीप वैष्णव, नेमसिंग वर्मा, देवकुमार वर्मा, युवराज साहू और कालूराम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



