खैरागढ़. नवरात्र के उल्लास के बीच जिला मुख्यालय खैरागढ़ में प्रसिद्ध तीन दिवसीय रास गरबा महोत्सव 2026 का भव्य आगाज हुआ। पहले दिन फतेह सिंह खेल मैदान में उत्साह और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मिनी, जूनियर, सीनियर और फ्री ग्रुप को मिलाकर करीब 65 ग्रुप के लगभग 2 हजार प्रतिभागियों ने गरबा महोत्सव में हिस्सा लिया और पारंपरिक धुनों पर जमकर थिरकते हुए समां बांध दिया। प्रतिभागियों के उत्साह और दर्शकों की भारी भीड़ से पूरा मैदान उत्सवमय हो गया।

सांसद संतोष पांडे सहित जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह

पहले दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद संतोष पांडे शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, घम्मन साहू, डॉ. बिसेसर साहू, भागवत शरण सिंह, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, दिनेश वर्मा, चंद्रशेखर यादव, विनय देवांगन, अजय जैन, संजय शर्मा, शशांक ताम्रकार, रेखा गुप्ता, नीलिमा गोस्वामी, सुमित टांडिया, देवीन कोठले, अय्यूब सोलंकी, कीर्ति वर्मा, प्रीति यादव, मंजीत सिंह और गरिमा तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने गरबा कर रहे प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर आयोजन का निरीक्षण किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
एक मंच पर 2 हजार प्रतिभागियों का उत्साह देखकर अभिभूत हुए सांसद
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित गरबा महोत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। एक ही मंच पर हजारों प्रतिभागियों का शामिल होना बड़ी बात है। पूरे मैदान में खड़े होने तक की जगह नहीं है। खैरागढ़ के अलावा दूसरे स्थानों से भी प्रतिभागी पहुंचे हैं, जो हर्ष का विषय है। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और लोगों को जोड़ने का काम करते हैं।
22वें वर्ष में पहुंचा रास गरबा महोत्सव

जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं आयोजन समिति के संरक्षक विक्रांत सिंह ने कहा कि रास गरबा महोत्सव लगातार 22वें वर्ष में पहुंच चुका है। पदुम लाल पुन्नालाल बख्शी स्कूल के प्रांगण से शुरू हुआ यह आयोजन आज जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों के सहयोग से वृहद स्वरूप ले चुका है। हर साल इसकी भव्यता बढ़ रही है। इस वर्ष करीब 2 हजार प्रतिभागियों की सहभागिता आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं का सम्मान

महोत्सव के पहले दिन विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में मास्टर इव कविश जैन, गरबा रास ग्रुप से बेबी मिस इव झनवी बिसेन, ब्राइट स्पार्क ग्रुप को विजेता के रूप में सम्मानित किया गया। वहीं सीनियर वर्ग में मिस्टर इव मानव झगलनी, रश्मि देवी कॉलेज ग्रुप तथा मिस इव ग्रीसा खुडासिया, रास रंग ग्रुप को सम्मान मिला। सभी विजेताओं को अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम

रास गरबा महोत्सव को सफल बनाने के लिए आलोक श्रीवास, भाजयुमो जिला अध्यक्ष आयश सिंह, ऋषभ सिंह, पीयूष पटेल, अनीश सिंह सहित पूरी टीम ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन मिली शानदार सहभागिता से आयोजन को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।


