खैरागढ़. नवरात्र पर्व के उल्लास के बीच जिला मुख्यालय खैरागढ़ में कल से तीन दिवसीय प्रसिद्ध रास गरबा महोत्सव 2026 का भव्य आगाज होगा। 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में सैकड़ों युवा, महिलाएं और गरबा प्रेमी पारंपरिक धुनों पर थिरकते नजर आएंगे। प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक चलने वाले इस आयोजन से नगर का माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बनेगा।
नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन में मिनी, जूनियर और सीनियर ग्रुप के साथ फ्री ग्रुप भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। फ्री ग्रुप में किसी भी उम्र के महिला-पुरुष अपनी टीम बनाकर गरबा कर सकेंगे।
विक्रांत सिंह ने बताया कि पदुम लाल पुन्नलाल बख्शी स्कूल परिसर से शुरू हुआ यह महोत्सव आज पूरे प्रदेश में खैरागढ़ की अलग पहचान बन चुका है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
19 अक्टूबर को दिलीप षड़ंगी की सांस्कृतिक प्रस्तुति
नवरात्र और दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों के अंतर्गत 19 अक्टूबर को राजा फतेह सिंह खेल मैदान में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक गायक दिलीप षड़ंगी का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव पर राम-लक्ष्मण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया जाएगा। गरबा महोत्सव से लेकर सांस्कृतिक संध्या और दशहरा उत्सव तक खैरागढ़ में लगातार उत्सवी माहौल देखने को मिलेगा।


