खैरागढ़. संगीत नगरी खैरागढ़ के विकास को नई गति देने रविवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव नगर के टिकरापारा स्थित राम मंदिर प्रांगण में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी एवं फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण से हुई। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ 47 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में सबसे बड़ी सौगात मोतिनाला पर बनने वाले टिकरापारा उच्चस्तरीय पुल के रूप में मिली। 6 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह की मांग पर खेल मैदान, मंगल भवन, स्पोर्टिंग क्लब और सड़कों के विकास के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये की अतिरिक्त घोषणाएं भी की गईं। इससे जिले को लगभग 35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली।
ट्रिपल इंजन सरकार से ही होगा नगर का विकास : विक्रांत सिंह

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि आज टिकरापारा पुल का भूमिपूजन हो रहा है, जिसकी पिछले 15-20 वर्षों से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष सहित पार्षदों के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव से इसके निर्माण का आग्रह किया था, जिस पर तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नगर पालिका चुनाव होने हैं। नगर का सही विकास सुनिश्चित करने के लिए जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद दे, क्योंकि ट्रिपल इंजन की सरकार होने पर ही विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने अपने नगर पालिका कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नदियों में स्टॉप डैम, इतवारी बाजार में सब्जी मार्केट और प्रत्येक वार्ड में सीसी रोड सहित अनेक विकास कार्य कराए गए। इन्हीं कार्यों के लिए नगर पालिका को उत्कृष्ट नगर पालिका का पुरस्कार भी मिला। उन्होंने कहा कि नगर में ऐसे सभी कब्जाधारियों को पट्टा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जो इसके पात्र हैं।

विक्रांत सिंह ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति विकास कार्य लेकर विधायक के पास जाता है तो उनका जवाब रहता है कि हमारी सरकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि खैरागढ़ विधानसभा का दुर्भाग्य रहा है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद क्षेत्र से कांग्रेस का विधायक निर्वाचित होता रहा है और पिछले 13 वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कांग्रेस के मिशन संडे पर भी कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से अधिकारियों को ब्लैकमेल कर वसूली का काम किया गया।
फतेह मैदान से गौरव पथ तक विकास की मांग
विक्रांत सिंह ने मंच से ही उप मुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष नगर के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं। इनमें फतेह मैदान में खिलाड़ियों के बैठने के लिए डोम शेड निर्माण, अमलीपारा में अधूरे मंगल भवन का निर्माण पूरा कराने, जर्जर गौरव पथ का पुनर्निर्माण तथा राजा लालबहादुर स्पोर्टिंग क्लब का जीर्णोद्धार शामिल रहा।
50 साल का इंतजार खत्म, कल से शुरू होगा पुल का काम : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि संगीत नगरी के नाम से पूरी दुनिया में मशहूर खैरागढ़ की पावन धरा पर आने का अवसर मिला है। आज खैरागढ़ को 30 करोड़ 47 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसमें नगर पालिका क्षेत्र के 5 करोड़ 80 लाख रुपये के 52 कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला बनने के बाद उसे वास्तविक स्वरूप देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। केवल कागजों में जिला लिख देने से विकास नहीं होता, बल्कि उसे जिले के अनुरूप सुविधाएं और पहचान देना जरूरी है। खैरागढ़ को विकास की राह पर आगे ले जाने का काम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है।

टिकरापारा पुल को लेकर उन्होंने कहा कि इस पुल के लिए लगभग 50 वर्षों से इंतजार किया जा रहा था। अब 6 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से मोतिनाला पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने मंच से ही सेतु विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण का काम कल से ही प्रारंभ किया जाए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जिस कार्य का भूमिपूजन करती है, उसका लोकार्पण भी करती है। भूमिपूजन करके भाग जाने का काम उनकी सरकार नहीं करती।
केसीजी जिले को तीन साल में दिए 47 करोड़
अरुण साव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से केवल केसीजी जिले को 47 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में नगरीय निकायों में सुनियोजित तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक-एक गारंटी को पूरा करने का काम सरकार कर रही है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई। किसानों से 21 क्विंटल धान खरीदी का वादा भी पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता के पैसों को जनता के विकास के लिए खर्च किया है, न कि अपनी तिजोरी भरने या उन पैसों को दिल्ली पहुंचाने के लिए। दुनिया भर से लोग खैरागढ़ आते हैं, इसलिए इस शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि यहां आने वाले लोग खैरागढ़ की खूबसूरती और विकास को देख सकें।
खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़, सड़कों के लिए 1.80 करोड़ की घोषणा
विक्रांत सिंह द्वारा रखी गई मांगों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने चार बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें राजा फतेह सिंह खेल मैदान के विकास एवं उन्नयन के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये, सर्वमंगल मांगलिक भवन के अधूरे निर्माण को पूरा कराने के लिए 60 लाख रुपये, राजा लालबहादुर स्पोर्टिंग क्लब के जीर्णोद्धार के लिए 40 लाख रुपये तथा खैरागढ़ की सड़कों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये शामिल हैं। इन घोषणाओं के साथ ही नगर विकास के लिए कुल 4 करोड़ 30 लाख रुपये की अतिरिक्त सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री ने नगर पालिका को इन कार्यों के प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नलनीश ठोकने, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, घम्मन साहू, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, गिरिजा नंद चंद्राकर, राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, आयश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।



