खैरागढ़. नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 दाऊचौरा में भाजपा की ओर से पार्षद एवं सभापति विनय देवांगन की अगुवाई में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने वार्डवासियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

गौरतलब है कि भाजपा द्वारा नगर के सभी 20 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के जरिए पार्टी नेता वार्डों में पहुंचकर जनता से सीधा संपर्क साध रहे हैं और आगामी नगर पालिका चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल तैयार कर रहे हैं। वार्ड क्रमांक 16 दाऊचौरा भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां से विनय देवांगन लगातार दो बार पार्षद निर्वाचित हो चुके हैं।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण शहर मंडल महामंत्री डोरेलाल साहू ने दिया। इसके बाद पार्षद विनय देवांगन ने वार्डवासियों के बीच अपने कार्यकाल के पिछले 10 वर्षों में कराए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि दस साल पहले वार्ड की स्थिति और वर्तमान स्थिति में काफी अंतर आया है। वार्ड में विकास के कई कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार वार्ड से जिसे भी प्रत्याशी बनाए, वार्डवासी भाजपा को ही अपना समर्थन दें।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी ने कहा कि वार्डवासियों ने हर बार पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा को जीत दिलाई है। इस बार प्रत्याशी कोई भी हो, जनता कमल के फूल को ही विजयी बनाए। उन्होंने वार्डवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर ने कहा कि दाऊचौरा वार्ड सहित पूरे नगर में विकास के अनेक कार्य हुए हैं। आगामी चुनाव में पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष दोनों पदों के लिए मतदान होना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, ऐसे में नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को और तेज गति मिलेगी। उन्होंने जनता से नगर में विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

आभार प्रदर्शन वार्ड के वरिष्ठ नागरिक व अधिवक्ता अनुज देवांगन ने किया।
इस अवसर पर विकेश गुप्ता, शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयश सिंह, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी, पांडादाह मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, महामंत्री डोरेलाल साहू, ऋषभ सिंह, शैलेन्द्र मिश्रा, रूपेंद्र रजक, अनीश सिंह, धनेश्वर सिन्हा, राजेश देवांगन सहित वरिष्ठ वार्डवासी मदन देवांगन, अनुज देवांगन, युवा रवि देवांगन और ईश्वर देवांगन समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।



