खैरागढ़. दीपावली के उत्साह के बीच पटाखों के साथ लापरवाही एक मासूम बच्चे के लिए मुसीबत बन गई। नगर के सोनेसरार वार्ड में मंगलवार शाम करीब 6 बजे पटाखे से बारूद निकालकर जलाने के दौरान 11 वर्षीय बालक झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बच्चे का चेहरा और बायां हाथ झुलस गया। परिजनों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल चिकित्सकों ने बच्चे की हालत स्थिर बताई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोनेसरार वार्ड निवासी पोषण मार्कण्डे, पिता भुवन मार्कण्डे, उम्र 11 वर्ष, कक्षा चौथी का छात्र है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह अपने घर के बाहर पटाखे से बारूद निकालकर उसे जला रहा था। इसी दौरान जैसे ही बारूद आग के संपर्क में आया, उसमें से तेज चिंगारी निकली और बालक उसकी चपेट में आ गया। घटना में उसका चेहरा और बायां हाथ झुलस गया। बच्चे की नानी ने तत्काल उसे वहां से हटाया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीति वैष्णव व स्टॉफ की देखरेख में बच्चे का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है।
पटाखे जलाते समय बच्चों की सुरक्षा बेहद जरूरी
इस घटना ने एक बार फिर पटाखों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है। बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे नहीं जलाने देना चाहिए। पटाखों से बारूद निकालने, उन्हें खोलने या एक पटाखे की सामग्री दूसरे में इस्तेमाल करने जैसी गतिविधियों से पूरी तरह दूर रखना चाहिए। पटाखे हमेशा खुले स्थान पर बड़ों की निगरानी में जलाएं। इसके अलावा पानी की बाल्टी पास रखें, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाएं और नहीं जलने वाले पटाखों के पास दोबारा जाकर आग लगाने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।



