खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी द्वारा 3 नवंबर को दोपहर 1 बजे स्थानीय सर्किट हाउस (विश्राम गृह) में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक एवं स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस बैठक में दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत विशेष रूप से शामिल होंगे।
संगीत नगरी खैरागढ़ में पार्टी के शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व का यह पहला आगमन होगा। मुकेश अहलावत के साथ सह-प्रभारी समर कुमार, राजनांदगांव लोकसभा अध्यक्ष भूपेश तिवारी और नगर पालिका चुनाव प्रभारी प्रफुल्ल सिंह बैश भी उपस्थित रहेंगे। सभी नेता आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
बैठक में नगर पालिका चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति, संभावित प्रत्याशियों के चयन, जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। वहीं, खैरागढ़ में पहली बार पहुंच रहे प्रदेश प्रभारी एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
आप के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एवं जिला महासचिव श्याम मूर्ति नायडू ने बताया कि बैठक में नगर पालिका चुनाव के सभी संभावित पार्षद प्रत्याशियों, अध्यक्ष पद के दावेदारों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचने की अपील की है। नगर पालिका चुनाव से पहले होने वाली इस बैठक को खैरागढ़ में आम आदमी पार्टी की चुनावी सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




