खैरागढ़. कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान और मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सिविल अस्पताल खैरागढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में कुल 60 मरीजों ने पंजीयन कराया। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मरीजों की रही, जो पहले से कैंसर का उपचार करा रहे हैं। वहीं स्तन में गांठ, मुख कैंसर से संबंधित समस्याओं और कैंसर के अन्य संभावित लक्षणों वाले मरीजों की भी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देशन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. बबलेश माहावर, हेड पेन एवं पैलिएटिव मेडिसिन विशेषज्ञ तथा डॉ. नवीन जैन, एमडीएस ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी के उपचार, दर्द एवं अन्य तकलीफों के प्रबंधन और आगे की आवश्यक जांच के संबंध में चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर का उद्देश्य कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और आम नागरिकों में बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और कैंसर की समय रहते पहचान को प्रोत्साहित करने की बात कही।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा, जिला नोडल अधिकारी एनपी-एनसीडी डॉ. पंकज वैष्णव, बीएमओ खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, आरएमएनसीएचए आरती चतुर्बिदानी, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान एवं जिला डाटा प्रबंधक खिलेश साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।




