खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में ढिमरिंकुआ से गंडई तक स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क की जर्जर हालत, लगातार बढ़ते हादसों और लोगों की परेशानियों को मुद्दा बनाते हुए युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने PWD के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ढिमरिंकुआ से गंडई तक का मार्ग पूरी तरह खस्ताहाल हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क और उड़ती धूल के कारण राहगीरों, छात्रों, व्यापारियों और मरीजों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। खासकर बारिश के दौरान यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पूर्व में सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता का अभाव होने के कारण कुछ ही समय में सड़क फिर से उखड़ गई। संगठन का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण गंडई से जिला मुख्यालय खैरागढ़ तक की यात्रा में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लग रहा है, जबकि पहले यह दूरी कम समय में तय हो जाती थी। खराब सड़क के चलते कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विभाग द्वारा शीघ्र मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो संगठन जनहित में उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव अनिमेष सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अमन सोनी, गौकरण जंघेल, गौकरण वर्मा एवं जिला महामंत्री संजय जंघेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


