खैरागढ़/छुईखदान. जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल सहित कुल ₹65 हजार मूल्य के वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शराब भट्ठी छुईखदान के पास से स्कूटी और बाइक चोरी होने की शिकायत प्रार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई थी। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 168/26 और 169/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अज्ञात आरोपियों और चोरी गए वाहनों की लगातार तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कोड़का निवासी मनोहर साहू (43) और रोहित वर्मा (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से मेस्टरो स्कूटी (CG 08 V 9329) और हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 08 AC 6973) बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर आसानी से वाहनों को चुरा लेते थे, जिससे वे लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में छुईखदान थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी सराहना वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई है।



