खैरागढ़. नवनियुक्त शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात जिला अस्पताल खैरागढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकीय संसाधनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन औषधि केंद्र के नियमानुसार रात 10 बजे से पहले ही बंद पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे मरीजों के हितों के विपरीत बताते हुए जन औषधि केंद्र को 24 घंटे संचालित करने की मांग उठाई, ताकि आपात स्थिति में मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं के लिए भटकना न पड़े।

इसके पश्चात कांग्रेसी वार्डों में पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधी बातचीत कर उनके इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। चिकित्सकों के रोस्टर चार्ट की भी जांच की गई। इसके बाद ड्रेसिंग वार्ड का निरीक्षण कर दुर्घटना में घायल मरीजों के इलाज हेतु आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता का मुआयना किया गया।

निरीक्षण के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक बिसेन एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज राजपूत भी मौजूद रहे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अरुण भारद्वाज ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों के उचित उपचार, समय पर सेवाएं और स्वच्छता पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि कुछ दिन पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक उसका असर नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय दवाइयों की व्यवस्था न होना और जन औषधि केंद्र का समय से पहले बंद हो जाना सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कमजोरी को उजागर करता है।
निरीक्षण में नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, विधायक प्रतिनिधि रवींद्र सिंह गहरवार, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र ही अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ, तो इसे लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

