खैरागढ़. आस्था, परंपरा और सामूहिक साधना का अनुपम संगम एक बार फिर खैरागढ़ में साकार होने जा रहा है। श्री राम गौ सेवा समिति, जय जगन्नाथ सेवा समिति, राजपरिवार दुर्गाउत्सव समिति एवं गोपीनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वाधान में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी शहर के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में कल शनिवार, 7 फरवरी को 1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संपूर्ण खैरागढ़ शिवभक्ति में लीन नजर आएगा।

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी छुईखदान के कुशल कुम्हारों द्वारा किया जा रहा है, जिससे यह आयोजन स्थानीय शिल्प और परंपरा से भी गहराई से जुड़ता है। आयोजन के लिए फतेह सिंह खेल मैदान में भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, जिसे मंदिरनुमा स्वरूप देकर श्रद्धालुओं के लिए दिव्य वातावरण सृजित किया गया है।
स्वयंसेवी संस्था श्री राम गौ सेवा समिति की अगुवाई में यह आयोजन बीते पाँच वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। समिति के अनुसार यह आयोजन अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। प्रारंभ में 108 पार्थिव शिवलिंगों से आरंभ हुए इस अनुष्ठान ने श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था के साथ विस्तार पाया—पहले 501 और अब पिछले तीन वर्षों से 1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजन समिति के सदस्य बंटी रंगलानी ने बताया कि हर वर्ष कार्यक्रम की भव्यता और श्रद्धालुओं की सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। इस बार भी खैरागढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों, अन्य जिलों और यहां तक कि अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


इस वर्ष आयोजन स्थल पर स्थापित आदियोगी की भव्य प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही राधा-कृष्ण की सुंदर प्रतिमा को पंडाल रूपी मंदिर में प्रतिष्ठित किया गया है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगी। मंत्रोच्चार, अभिषेक और भक्ति संगीत के बीच यह आयोजन न केवल धार्मिक अनुष्ठान होगा, बल्कि सामूहिक श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उत्सव भी बनेगा।




