खैरागढ़. छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विष्णु देव साय सरकार का वित्त वर्ष 2025-26 का तीसरा बजट पेश किया। 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के इस बजट को पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक बताया गया है।
नगर पालिका सभापति व भाजपा जिला प्रवक्ता विनय देवांगन ने बजट को विकासोन्मुखी और सभी वर्गों को ध्यान में रखने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, अन्नदाता किसान, नारीशक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में नई गाथा लिखेगा।
कृषि उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन योजना हेतु 8200 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। सड़क परिवहन के लिए 2000 करोड़ रुपये तथा उद्योग एवं रोजगार संवर्धन के लिए 700 करोड़ रुपये का इंडस्ट्रियल सब्सिडी सपोर्ट प्रस्तावित है।
बजट में 12 नए इंजीनियरिंग कॉलेज और 12 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की योजना भी शामिल है। देवांगन ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेगा।

