खैरागढ़. निर्माणाधीन खैरागढ़–राजनांदगांव मार्ग पर सोमवार शाम एक बेकाबू मैजिक वाहन ने दो अलग-अलग दिशाओं से आ रही बाइकों को टक्कर मार दी। हादसा ग्राम पेंड्रिकला के पास शाम करीब 6 बजे हुआ। दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
मिली जानकारी के अनुसार वरुण टंडन (24), पिता दयालु टंडन, अपनी माता गीता टंडन (45) के साथ राजनांदगांव से ग्राम पेंड्री खुर्द लौट रहे थे। वहीं संतोष वर्मा (50), पिता सुग्रीव वर्मा, अपनी पत्नी राजबाई वर्मा (45) के साथ खैरागढ़ से अपने ग्राम बोईरडीह जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खैरागढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक वाहन ने पहले संतोष वर्मा की बाइक को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद असंतुलित वाहन ने सामने से आ रही वरुण टंडन की बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायलों में संतोष वर्मा को हाथ और कमर में चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी राजबाई वर्मा के सिर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। वरुण टंडन के दाहिने पैर में तथा उनकी माता गीता टंडन के दाहिने हाथ में गंभीर चोट बताई गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार मैजिक वाहन की तलाश शुरू कर दी है। निर्माणाधीन मार्ग पर सुरक्षा प्रबंधों और यातायात नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर सख्त निगरानी और गति नियंत्रण के उपाय लागू करने की मांग की है।

