खैरागढ़. नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठ रही शिकायतों के बीच शहर कांग्रेस कमेटी ने सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने वार्डों में कथित तौर पर हुए गुणवत्ताहीन और अधूरे कार्यों की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है, जो जल्द ही जमीनी स्तर पर निरीक्षण शुरू करेगी।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने बताया कि पिछले कुछ समय से विभिन्न वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नगर पालिका द्वारा कराए गए कई कार्य या तो अधूरे हैं या उनकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
विधायक प्रतिनिधि की अध्यक्षता में जांच
गठित जांच समिति की कमान विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन को सौंपी गई है। समिति में नगर पालिका उपाध्यक्ष रज्जाक खान, वरिष्ठ पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं।
वार्ड-वार होगा निरीक्षण, रिपोर्ट सौंपेगी समिति
समिति के सदस्य शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्थल निरीक्षण करेंगे और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। निरीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर खैरागढ़ की विधायक श्रीमती यशोदा नीलम्बर वर्मा और संबंधित उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
राजनीतिक सरगर्मी तेज
इस कदम के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर शहर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस का कहना है कि जनता के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस संबंध में शहर कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी शेखर दास वैष्णव ने जानकारी देते हुए कहा कि समिति पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच करेगी, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



