खैरागढ़. नवरात्र पर्व पर नगर में मां आदिशक्ति की आराधना के साथ धार्मिक आयोजनों की धूम है। इसी कड़ी में राजपरिवार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा महाष्टमी के पावन अवसर पर कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कन्या पूजन को मां दुर्गा के स्वरूपों की आराधना का महत्वपूर्ण अंग माना जाता है।

समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार नवरात्र में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इसी क्रम में आज शाम 7 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने नगरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर मां का आशीर्वाद लेने और भंडारे में प्रसादी ग्रहण करने की अपील की है।
राजपरिवार दुर्गा उत्सव समिति के युवा सदस्य प्रतिवर्ष मिलकर भक्तिभाव से माता की स्थापना और नौ दिनों तक पूजा-अर्चना करते हैं। समिति के इन आयोजनों में श्रद्धालुओं की सहभागिता से नगर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।


