खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही भाजपा में पार्षद पद के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। नगर पालिका के सभी 20 वार्डों में भाजपा से टिकट के लिए कई कार्यकर्ता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 7 भगवान महावीर स्वामी वार्ड (गोलबाजार) से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री चंदन गिरी गोस्वामी ने पार्षद पद के लिए अपनी प्रबल दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू एवं जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू को अपना आवेदन सौंपकर पार्टी से उम्मीदवारी की मांग की है।
संस्कृत महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले चंदन गिरी गोस्वामी वर्ष 2001 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के माध्यम से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वे पूर्व में युवा मोर्चा महामंत्री एवं मंडल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वे खैरागढ़ पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री के पद पर कार्यरत हैं। संगठन में लंबे समय से सक्रियता और विभिन्न पदों पर कार्य करने के अनुभव के आधार पर उन्होंने वार्ड क्रमांक 7 से पार्षद टिकट के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।



