खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सोशल मीडिया टीम ने सेवा संकल्प अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। अभियान के तहत उल्लेखनीय योगदान और ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने जिला भाजपा की सोशल मीडिया टीम को सम्मानित किया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के दौरान टीम ने लाभार्थियों एवं हितग्राहियों से लगातार संपर्क कर उनकी सफलता और उपलब्धियों की कहानियों को सामने लाने का काम किया। इस दौरान टीम द्वारा 30 हजार से अधिक वीडियो सरल ऐप पर अपलोड किए गए। इतनी बड़ी संख्या में वीडियो अपलोड कर टीम ने प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का गौरव हासिल किया।
इस उपलब्धि में जिला सोशल मीडिया संयोजक विनय चोपड़ा के नेतृत्व में सह-संयोजक अजेन कुमार जंघेल एवं वंदना तांडेकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंत्री लखन लाल देवांगन ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
यह सम्मान जिला एवं मंडल भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया टीम की मेहनत, निष्ठा तथा संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है। इस उपलब्धि से जिला भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।



