खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियों के वितरण के बीच खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नेता खम्हन ताम्रकार ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय नियुक्तियों में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है, वहीं खम्हन ताम्रकार को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय कार्यसमिति में स्थान पाने वाले वे एकमात्र नेता हैं। इस नियुक्ति को उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।
खम्हन ताम्रकार की इस उपलब्धि से खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक और संगठनात्मक प्रतिनिधित्व भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुआ है। संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक कोमल जंघेल के बाद वे खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय कार्यसमिति में स्थान बनाने वाले दूसरे नेता हैं। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे के करीबी सहयोगियों में गिने जाने वाले ताम्रकार लंबे समय से पार्टी संगठन और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
जनपद उपाध्यक्ष से राष्ट्रीय कार्यसमिति तक का सफर
खम्हन ताम्रकार, पिता अश्वनी ताम्रकार, ने अपनी राजनीतिक पहचान संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए बनाई है। वे छुईखदान जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। संगठन में मंडल गंडई के शक्ति केंद्र प्रभारी, साल्हेवारा मंडल प्रभारी और गुंडरदेही विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला महामंत्री के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान दिया है।
वर्ष 2018 से वे भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के लगातार सदस्य हैं और तीन कार्यकाल से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। वर्ष 2022 से जिला खैरागढ़ की कोर कमेटी में भी सदस्य के रूप में सक्रिय हैं। संगठन के विभिन्न अभियानों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। जिले में 'मोर आवास, मोर अधिकार' कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। वहीं राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में परिवर्तन यात्रा के सह प्रभारी और महाजनसंपर्क अभियान-2023 के सह प्रभारी भी रहे। लोकसभा चुनाव 2025 के दौरान खैरागढ़ विधानसभा के सह प्रभारी के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में योगदान दिया।
किसानों और पिछड़ा वर्ग के मुद्दों पर रही सक्रियता
किसान मोर्चा में लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण किसानों से जुड़े विषय उनकी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख हिस्सा रहे हैं। किसानों की समस्याओं से लेकर पिछड़ा वर्ग के मुद्दों तक वे लगातार संगठन के माध्यम से अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। अथक परिश्रम, निरंतर जनसंवाद और आम लोगों के बीच सहज उपलब्धता उनकी कार्यशैली की पहचान रही है। कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ आत्मीय संबंध स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना उनकी विशेषता मानी जाती है।
राष्ट्रीय जिम्मेदारी से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में उत्साह
जनपद पंचायत से राजनीतिक सफर शुरू कर मंडल, विधानसभा, जिला और प्रदेश संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय कार्यसमिति तक पहुंचना खम्हन ताम्रकार की लंबी संगठनात्मक यात्रा को दर्शाता है। नई जिम्मेदारी के साथ अब उन्हें भाजपा ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक कार्यों में राष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने का अवसर मिलेगा। उनकी नियुक्ति से खैरागढ़ विधानसभा सहित जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इसे उनके संगठन के प्रति समर्पण, पिछड़ा वर्ग और किसानों के बीच सक्रियता तथा लंबे राजनीतिक अनुभव को मिली महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है।



