खैरागढ़. पूरे जिले में नवरात्र पर्व की धूम मची हुई है। देवी मंदिरों से लेकर दुर्गा पंडालों तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच धर्मनगरी के नाम से मशहूर ग्राम धनगांव में विराजित नौ दुर्गा श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में युवाओं द्वारा लगातार छह वर्षों से माता की स्थापना की जा रही है। हर वर्ष कुछ अलग करने की कोशिश के बीच इस बार समिति ने नरकलोक की थीम पर आकर्षक पंडाल तैयार किया है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

पंडाल में प्रवेश करते ही नरकलोक की परिकल्पना देखने को मिलती है। यहां भूत-प्रेत और नर्कलोक में प्रेतों को मिलने वाली यातनाओं के दृश्यों को दर्शाया गया है। इस अनूठी थीम के जरिए श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव मिल रहा है। नरकलोक के दृश्य देखने के बाद पंडाल के भीतर पहुंचने पर भक्तों को मां आदिशक्ति के नौ स्वरूपों के दर्शन होते हैं। धार्मिक आस्था और अनूठी सजावट का यह संगम लोगों को आकर्षित कर रहा है।

माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आनंद ले रहे हैं। नवरात्र के चलते गांव में उत्सव जैसा माहौल है और दिन-ब-दिन दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ रही है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि पंडाल की सजावट से लेकर स्थापना और अन्य तैयारियों तक की जिम्मेदारी युवा स्वयं संभालते हैं। इस बार उम्मीद से भी अधिक संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन का भी पर्याप्त सहयोग मिल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु सहजता से माता के दर्शन कर सकें।

समिति के अनुसार, 19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर गांव में दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसे प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं, 21 नवंबर को माता की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। नरकलोक की अनूठी थीम, नौ दुर्गा के दर्शन और मेले के आकर्षण के चलते धनगांव का यह पंडाल नवरात्र में श्रद्धालुओं के लिए खास केंद्र बना हुआ है।


