खैरागढ़. क्षेत्र में लगातार दो बार आए चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। अर्नब तूफान के बाद खेतों को सूखने का मौका भी नहीं मिला था कि अक्वान तूफान ने दोबारा किसानों की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार बारिश से खेतों में जलभराव हो गया, वहीं तेज हवाओं के चलते धान की पकी हुई फसलें खेतों में झुककर पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर धान की बालियां अंकुरित होने लगी हैं। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में फसल खराब होने से किसानों के सामने उपज बेचने और आर्थिक नुकसान की भरपाई की चिंता खड़ी हो गई है।
फसल नुकसान से परेशान खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की ग्राम पंचायत गातापार कला क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित खेतों का जल्द सर्वे कराने तथा नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा एवं फसल बीमा राशि प्रदान करने की मांग की।
इस दौरान सरपंच अर्जुन सिंह क्षत्रिय ने बताया कि इस वर्ष दो बार बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफानों के कारण धान की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। अर्नब तूफान के दौरान जो फसल पहले ही खेतों में गिर गई थी, वह अक्वान तूफान के बाद पूरी तरह खराब हो गई है। खेतों में पानी भरने से धान की बालियां अंकुरित होने लगी हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में लगभग 30 प्रतिशत धान की फसल बर्बाद हो चुकी है।
वहीं किसान जितेंद्र सिंह ने कहा कि बेमौसम बारिश और तूफान से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति की मांग को लेकर किसान अधिकारियों के पास पहुंचे हैं। शासन-प्रशासन से मांग है कि प्रभावित खेतों का शीघ्र सर्वे कराया जाए, ताकि किसानों को उचित मुआवजा और बीमा राशि मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कुंवर सिंह साहू, मनीष सिंह, प्रकाश, परस वर्मा, जितेंद्र सिंह, लतमार यादव, जंगलू राम, राजू निषाद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।



