खैरागढ़. जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ केसीजी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गातापार पुलिस ने इंस्टाग्राम पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साइबर एनसीआरबी नई दिल्ली से प्राप्त टिप लाइन सूचना के आधार पर जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला एवं बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी सामने आई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम लछना निवासी आरोपी अश्वन धुर्वे पिता मोहन धुर्वे, उम्र 26 वर्ष द्वारा अपने इंस्टाग्राम आईडी पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड किया जाना पाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीर अपराध मानते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना गातापार में अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 67(B) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 25 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया तथा नियमानुसार उसके परिजनों को भी सूचना दी गई।
इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना गातापार पुलिस एवं जिला केसीजी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अवैधानिक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


