खैरागढ़/छुईखदान. जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने गांजा की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 114 ग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त नगदी जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को थाना छुईखदान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरी निवासी भारत मरकाम उर्फ नंदू गांव में घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजा बेच रहा है और इससे अवैध लाभ कमा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और ग्राम खैरी के मुख्य मार्ग स्थित कचरा शेड के पास घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी भारत मरकाम उर्फ नंदू (50 वर्ष), पिता पीरीत लाल मरकाम (कंडरा), निवासी ग्राम खैरी, थाना छुईखदान, जिला केसीजी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद क्रीम रंग के कपड़े के थैले से 114 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये आंकी गई, बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 3,150 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।


