खैरागढ़/साल्हेवारा. जिले के साल्हेवारा थाना क्षेत्र में एक अनुसूचित जनजाति की महिला को लिफ्ट देने के बहाने मोटरसाइकिल से सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिरताज खान पिता मुनीम खान (29 वर्ष) तथा रितेश मारकंडे पिता संतोष मारकंडे (18 वर्ष 9 माह) निवासी देवपुराघाट, थाना साल्हेवारा, जिला केसीजी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय पीड़िता ने 10 जून को थाना साल्हेवारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जून की दोपहर वह मनरेगा कार्य के लिए फोटो खिंचवाने अपने घर से चूल्हा खोदरा जंगल तालाब की ओर पैदल जा रही थी। रास्ते में प्रेमलाल साहू के खेत के पास उसकी मुलाकात सिरताज खान और उसके साथी से हुई, जो मोटरसाइकिल पर सवार थे।
दोनों ने स्वयं को उसी दिशा में जाने वाला बताकर महिला को मोटरसाइकिल से छोड़ने की बात कही। महिला उनके झांसे में आकर मोटरसाइकिल पर बैठ गई। आरोप है कि दोपहर लगभग 3:15 बजे बांधाटोला स्थित प्रतीप तिलगाम के खेत के पास मोटरसाइकिल रोककर दोनों आरोपियों ने महिला को अनुसूचित जनजाति की सदस्य जानते हुए उसकी गरिमा भंग करने की नीयत से हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
मामले में साल्हेवारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 20/2026 दर्ज कर धारा 74, 75(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 3(1)(11) एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 W 1488 भी जब्त कर ली। वहीं आरोपी रितेश मारकंडे की पहचान परेड कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता से कराई गई।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।


