खैरागढ़. आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला केसीजी (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई) की यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया है। फरवरी माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, फरवरी में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 15 मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से कुल 1 लाख 95 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
इसके अतिरिक्त, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 17 चालकों से 8,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 469 मामलों में भी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 64 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस प्रकार फरवरी माह में अब तक कुल 507 प्रकरणों में 3 लाख 67 हजार 500 रुपये की चालानी कार्रवाई मोटर व्हीकल अधिनियम के अंतर्गत की गई है।
गंभीर मामलों को देखते हुए पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने सहित अन्य उल्लंघनों में शामिल 25 चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए आरटीओ कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली त्यौहार के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

