खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और 2100 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 1 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना खैरागढ़ क्षेत्र में कुछ व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा-पट्टी लिखकर हार-जीत का खेल संचालित कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इतवारी बाजार स्थित संजीत मेन्स वियर तथा बजरंग होटल के सामने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संजीत कुमार (30 वर्ष) निवासी मुतेड़ा नावगांव और महेन्द्र कुमार देवांगन (25 वर्ष) निवासी मुतेड़ा नावगांव को मौके पर सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध क्रमांक 182/2026 और 183/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध सट्टा संचालन के नए तरीकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
खैरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।


