खैरागढ़/गंडई. जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना गंडई पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल ₹4170 नगद राशि सहित ताश पत्ते और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम हरडण्डा में स्कूल के सामने मंच के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश के माध्यम से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड की। इस दौरान प्रेमदास मरकण्डे (20 वर्ष), दीपक मरकण्डे (19 वर्ष), दोनों निवासी हरडण्डा तथा सुरेन्द्र मरकण्डे (25 वर्ष), निवासी केवतरा (थाना साजा, जिला बेमेतरा) को मौके से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 52 पत्ती ताश, जुआ फड़ एवं ₹1390 नगद जब्त किए गए।

इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई ग्राम कृतबास में नदी किनारे कौहा पेड़ के नीचे की गई, जहां कुछ लोग जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके से त्रिलोक निषाद (28 वर्ष), रोशन पटेल (28 वर्ष), देवव्रत वर्मा (26 वर्ष), गजेन्द्र पटेल (25 वर्ष) एवं अविनाश पटेल (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके पास से 52 पत्ती ताश, ₹2780 नगद एवं एक प्लास्टिक बोरी बरामद की गई।

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।




