भिलाई. एकतरफा प्यार में इनकार से बौखलाए युवक ने 19 वर्षीय फार्मेसी छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी पहले से हत्या की पूरी योजना बनाकर रायपुर से भिलाई आया था।
मृतका खुशी साहू (19) मूलतः बेमेतरा जिले की रहने वाली थी। वह भिलाई के रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24) लंबे समय से खुशी पर बातचीत करने और प्रेम संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। युवती द्वारा लगातार इनकार किए जाने और उससे संपर्क समाप्त कर देने के कारण आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था।

सीएसपी ने बताया कि इसी रंजिश के चलते आरोपी शुक्रवार को पीजी पहुंचा। वहां उसने पहले खुशी का गला दबाया और फिर धारदार चाकू से उसकी पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 10 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आया था। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट पहन रखी थीं और पैंट के अंदर बरमूडा भी पहना था। वह अपने साथ पहले से धारदार चाकू लेकर आया था। हत्या के बाद उसने खून से सने कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए, ताकि पुलिस को कोई साक्ष्य न मिल सके।
तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे रामनगर स्थित घटनास्थल ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या का मुख्य कारण एकतरफा प्रेम और युवती द्वारा संबंध बनाने से इनकार करना था। वैशाली नगर थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


