खैरागढ़. जिला केसीजी पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चार मवेशियों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना गातापार क्षेत्र में 25 फरवरी 2026 को चेक पोस्ट पर की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सदाराम घोरमरे, पिता तुलसीराम घोरमरे और मोहन लाल, पिता गुलाब पालेवार, दोनों निवासी ग्राम मनेरी तहसील लांजी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश), मवेशियों को खैरागढ़ मार्ग से नागपुर स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि चारों भैंसों को पैर और गले में रस्सी बांधकर बिना चारा-पानी के क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से चार भैंसों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में जिला केसीजी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

