खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में विभिन्न प्रकोष्ठों की नई प्रदेश कार्यकारिणी, संभाग प्रभारियों एवं जिला पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी सूची में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले के दो नेताओं अजय जैन और रूपेंद्र रजक को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


घोषणा के अनुसार, नगर पालिका खैरागढ़ के पार्षद एवं सभापति अजय जैन तथा भाजपा नेता रूपेंद्र रजक को भाजपा नगरीय निकाय प्रकोष्ठ का जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। संगठन ने दोनों नेताओं पर नगरीय निकायों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने और संगठनात्मक कार्यों को गति देने का भरोसा जताया है।
इसके साथ ही भाजपा ने व्यवसायी/व्यापार प्रकोष्ठ की नई प्रदेश कार्यकारिणी, संभाग प्रभारियों एवं जिला संयोजकों की भी घोषणा की है। इस प्रकोष्ठ का उद्देश्य राज्यभर के व्यापारियों एवं व्यवसायियों को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय स्थापित करना तथा उन्हें सरकार की जनहितकारी योजनाओं और नीतियों से जोड़ना है। साथ ही व्यापार जगत के बीच संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को मजबूती देना भी इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।


नई नियुक्तियों के तहत अजय जैन को भाजपा व्यवसायी/व्यापार प्रकोष्ठ का जिला संयोजक भी बनाया गया है। इस तरह अजय जैन को संगठन ने दोहरी जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय भूमिका पर विश्वास जताया है।
अजय जैन के व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक तथा अजय जैन एवं रूपेंद्र रजक के नगरीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक नियुक्त होने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजानंद चंद्राकर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


