खैरागढ़. जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खैरागढ़ क्षेत्र के दाऊचौरा इलाके में कुछ व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा-पट्टी लिखकर हार-जीत का ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद पुलिस ने बिहारी होटल के पास घेराबंदी कर दबिश दी। रेड के दौरान दो व्यक्तियों को मौके पर ही सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश साहू और किशन सारथी, दोनों निवासी दाऊचौरा, खैरागढ़ के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 02 मोबाइल फोन, ₹1000 नगद राशि और सट्टा-पट्टी जप्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अलग-अलग अपराध क्रमांक 143/2026 और 144/2026 दर्ज कर मामला विवेचना में लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सटोरियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालन कर साक्ष्य को तुरंत डिलीट कर दिया जाता है, जिससे कार्रवाई में चुनौती आती है। हालांकि, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपनाई गई नई रणनीति के तहत खैरागढ़ पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


