खैरागढ़/साल्हेवारा. खेती-किसानी के लिए खरीदे गए बैलों को लेकर घर लौट रहे एक युवक और उसके पिता को मवेशी तस्कर बताकर रास्ता रोकने, मारपीट करने तथा 36 हजार रुपये की उगाही करने के मामले में केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चार अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और उगाही की राशि में से 27,500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी सागर तुरकर (26 वर्ष) निवासी कोलियाटोला, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ने 8 जून 2026 को थाना साल्हेवारा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 7 जून को उसने गंडई मवेशी बाजार से खेती-किसानी के लिए पांच बैल खरीदे थे। बैलों को लेकर पैदल घर लौटते समय रात होने पर वह ग्राम गोपालटोला स्थित अपने रिश्तेदार के घर रुक गया।
अगले दिन 8 जून की सुबह लगभग 4 बजे वह अपने पिता के साथ बैलों को लेकर घर के लिए रवाना हुआ। सुबह करीब 4:30 बजे गोपालटोला और भाजीडोंगरी के बीच पुलिया के पास कुछ युवकों और नाबालिगों ने उनका रास्ता रोक लिया। बैलों के संबंध में पूछताछ किए जाने पर सागर तुरकर ने खरीद के दस्तावेज भी दिखाए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें मवेशी तस्कर बताते हुए एक लाख रुपये की मांग कर दी।
प्रार्थी द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों तथा डंडों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके फोनपे खाते से 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं, उसके रिश्तेदार से भी 6 हजार रुपये मंगवाकर कुल 36 हजार रुपये की अवैध उगाही कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 19/2026 के तहत धारा 126(2), 296, 351(2), 115, 191(2) एवं 308(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और उगाही की राशि में से 27,500 रुपये नगद जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में संजू कुमार केकती (19 वर्ष), पिता बगस, निवासी झाझनगर साल्हेवारा, दिनेश नेताम (20 वर्ष), पिता पुनाराम, निवासी झाझनगर साल्हेवारा, रिवन नेताम (26 वर्ष), पिता झामसिंह, निवासी रेंगाखार थाना रेंगाखार, हाल पता साल्हेवारा, फलचंद मेहरा (26 वर्ष), पिता गीता प्रसाद, निवासी ग्राम खादी साल्हेवारा तथा लक्ष्मण यादव (20 वर्ष), पिता चमरू यादव, निवासी ग्राम देवपुराघाट साल्हेवारा शामिल हैं। इसके अलावा चार अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने 9 जून 2026 को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं चारों अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत भेजा गया।
केसीजी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


