खैरागढ़. खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम राहुद में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता पूरी हो गई है। विधायक निधि से 12.50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित डोम (शेड) का लोकार्पण सोमवार को खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने किया। नवनिर्मित शेड ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए स्थायी और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराएगा। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इसे ग्रामीणों को समर्पित किए जाने से गांव में खुशी का माहौल रहा।
ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने डोम शेड निर्माण के लिए विधायक निधि से 12.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की थी। स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य समय पर पूरा किया गया। लोकार्पण के साथ ही अब ग्रामीण इस सुविधा का उपयोग विभिन्न सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए कर सकेंगे।
विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और जनता की मांग के अनुरूप विकास कार्य कराना लगातार जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी गांव की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़े कार्यों के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पंचायत घुमका अध्यक्ष फूलमती जयकरण वर्मा, आरती महोबिया, जनपद सदस्य निर्मला उमेश वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ ग्रामीण अध्यक्ष संदीप सिरमौर, चंदन वर्मा, मंडल अध्यक्ष, पूर्व जनपद सदस्य बंसीलाल वर्मा, सरपंच तेजराम वर्मा, पांडुका सरपंच रंजीत रजक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


