खैरागढ़. जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह के जन्मदिन पर बुधवार को पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही उनके निवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरा परिसर "विक्रांत सिंह जिंदाबाद" के नारों से गूंज उठा और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

दिनभर चले बधाई कार्यक्रमों के बीच भाजपा युवा मोर्चा जिला केसीजी ने भी अनोखे अंदाज में अपने लोकप्रिय नेता का जन्मदिन मनाया। जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी के नेतृत्व में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विक्रांत सिंह को लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विक्रांत सिंह के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब युवा मोर्चा की ओर से विक्रांत सिंह को उनकी माता सुमन सिंह के साथ एक सुंदर फ्रेम की गई तस्वीर स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की गई। मां के साथ अपनी इतनी सुंदर तस्वीर को देखकर विक्रांत सिंह भावुक हो गए। उन्होंने इस आत्मीय सम्मान के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मां का आशीर्वाद उनके जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और जनता का स्नेह उन्हें निरंतर समाज सेवा के लिए प्रेरित करता है।

इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और विक्रांत सिंह को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल रहा तथा युवा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर आलोक श्रीवास, ललित चोपड़ा, नवनीत जैन, मंजीत सिंह, ऋषभ सिंह, प्रेम सागर गुप्ता, शौर्यदित्य सिंह, हर्षदीप सिंह, रेखचंद जंघेल, अवध वर्मा, दिवाकर सोनी, शिवांश बहादुर सिंह, साकेत श्रीवास्तव, राकेश वर्मा, ईशान सिंह, मनीष धीवर, मयंक झा, अनमोल सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर में दिनभर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर भी जन्मदिन की शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। समर्थकों ने इसे केवल एक जन्मदिन नहीं, बल्कि जनसंपर्क, आत्मीयता और जनविश्वास का उत्सव बताया। विक्रांत सिंह ने सभी शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह स्नेह और विश्वास भविष्य में जनसेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे सदैव क्षेत्र के विकास एवं समाज की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।


